चकिया । मौसम के परिवर्तन के कारण मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के लिए बुधवार को 482 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं 146 मरीजों ने पैथालॉजी सेंटर पर जांच कराई। इसमें अधिकांश वायरल फीवर से पीड़ित थे।
लैब इंचार्ज विजय कुमार ने बताया कि बुधवार को मलेरिया के 89 टाइफाइड के 88 मरीजों को रिपोर्ट दी गई। चिकित्सक डॉ. आरआर यादव ने बताया कि मौसम बदलने के कारण वायरल फीवर के मरीज बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि इस समय शुद्धभोजन करना चाहिए और स्वच्छता का विशेष ध्यान देना है साथ ही शुद्ध पानी पीना चाहिए। मुरारपुरगांव निवासी शिव कुमार मौर्य ने बताया कि चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी है । नगर निवासी समाजसेवी प्रमिला शुक्ला ने कहा कि चिकित्सालय में निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। अधीक्षक डॉक्टर अजय सिंह गौतम ने कहा कि मरीजों को चिकित्सकीय सुविधाएं दी जा रही है।