पीडीडीयू नगर। सकलडीहा विकास खंड के धूसखास गांव में साफ सफाई न होने से कूड़े का अंबार लगा था। ग्रामीणों लगातार इसकी शिकायत सेक्रेटरी और ब्लाक के अधिकारियों से की। बावजूद इसके साफ सफाई नहीं हुई। इस पर रविवार को ग्रामीणों ने स्वयं ही हाथों में फावड़ा, झाड़ू उठाया और पूरे इलाके की साफ सफाई की ।
धूसखास गांव में दो सफाई कर्मचारी हैं। इसमें से एक की गौशाला में ड्यूटी लगाई गई है। एक के सहारे पूरा गांव चलाया जा रहा है। इससे जगह-जगह कूड़े का ढेर है और नालियां जाम हैं। कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को गांव के पूर्व प्रधान दशरथ यादव, डॉ. राजकुमार यादव, पंचम यादव, एजाज अहमद, विशाल, मुंशी आदि ने खुद साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश देने का काम किया। इस संबंध में ग्राम प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि गांव में सफाई कर्मी की तैनाती व साफ सफाई की मुकम्मल व्यवस्था के लिए ब्लॉक पर शिकायत की गई है। जल्द ही दोनों सफाई कर्मियों की तैनाती गांव में कर साफ सफाई की व्यवस्था की जाएगी।