शिकारगंज। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बोदलपुर गांव में चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम में परछन के दौरान रविवार को ट्रैक्टर के धक्के से दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों में एक बच्ची की हालत ज्यादा गंभीर बताई गई है। वहीं दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर व उसके चालक को पकड़कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी रामदुलार के पुत्र मनोज कुमार की बरात जाने की तैयारी चल रही थी। शादी में शामिल होने रिश्तेदारों के अलावा गांव के लोग भी जुटे थे। बारात जाने की तैयारी के दौरान गांव के मार्ग पर दूल्हे का परछन कार्यक्रम चल रहा था। गांव निवासी संतोष की आठ वर्षीय पुत्री छोटी व गोपई परासी गांव के तेजिंदर की 10 वर्षीय पुत्री अनुष्का भी परछन के दौरान सड़क पर खड़ी थीं। इसी दौरान ईंट-भट्ठा से शिकारगंज की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों बच्चियों को धक्का मार दिया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से जहां छोटी के पांव में फ्रैक्चर हो गया वहीं अनुष्का के सिर में चोट आ गई। परिजन दोनों को चकिया स्थित जिला चिकित्सालय ले गए जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने अनुष्का की हालत नाजुक बताई है। वहीं दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची शिकारगंज चौकी की पुलिस ट्रैक्टर को कब्जे व चालक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में सीओ प्रीति तिवारी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।