चंदौली। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में प्रयागराज महाकुंभ जा रहे 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। लीलापुर गांव के समीप नेशनल हाइवे पर टायर फटने से बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। दूसरी घटना सैयदराजा थाना क्षेत्र के धरौली में हुई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं चिकित्सकों ने विभिन्न स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों में से 14 को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि तीन का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा हैं।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल के रानीगंज से बोलेरो में सवार होकर प्रदीप कुमार अपने साथियों के साथ प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में लीलापुर गांव के पास अगला टायर फटने से बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में ममता देवी (55), प्रदीप (40), मातादेव (35), लालमन (36), जगरनाथ (34), पपई (35), सुभाष (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पपई को मृत घोषित कर दिया। वहीं लालमन, जगरनाथ, ममता और सुभाष को वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। दूसरी घटना सैयदराजा थानाक्षेत्र के धरौली चौकी के पास हुई। इस घटना में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में घायल झारखंड के धनबाद जिले के महेशपुर की नीलम (48) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा कटसिला के पास एनएच पर दो चार पहिया वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें बिहार के पटना जिले की निवासी माधुरी (65), सीमा (44), सोनी सिन्हा (48), रोहित (22), राज (24) घायल हो गए। वहीं औरंगाबाद के पिपरा गांव के शिवकुमार (40), शनि कुमारी (34), मनोरमा (34), परमिला (45), राजा (25) घायल हो गए। सीओ राजेश राय ने बताया कि अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए हैं।