चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में तिलक समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा में नर्तकियों के साथ बदतमीजी किये जाने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें एक वृद्धा की मौत हो गई। पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराये गये मुकदमें में नामजद दो आरोपियों को बुधवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से खून से सनी लाठी भी बरामद हुई है।
बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में तिलक समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा में आई नर्तकियों के साथ कुछ लोगों ने बदतमीजी शुरू कर दी थी। जिसे लेकर वहां विवाद हो गया था। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर पक्ष पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया था। जिसमें एक वृद्धा राधिका देवी की मौत हो गई थी वहीं चार लोग घायल हो गये थे। पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया और जांच में जुट गई। बुधवार की रात पुलिस ने सूचना के बाद दो आरोपियों को रमौली बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। बलुआ थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों के पास से खून से सनी लाठी भी बरामद की गई है। कहा कि शेष आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।