पीडीडीयू नगर के चंदासी में जीटी रोड के दोनों पटरियों पर खड़ी ट्रकें। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयूनग । पीडीडीयू नगर -पड़ाव मार्ग पर स्थित चन्दासी कोल मंडी से होकर गुजरना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं रह गया है । खासकर बाइक चालकों के लिए तो काफी खतरनाक हो गया है । मंडी से होकर गुजरने वाले मार्ग पर चालक ट्रकों को सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इससे मार्ग काफी सकरा हो जाता है। रात में सड़क पर खड़े ट्रक धूल के करण दिखाई तक नहीं देते हैं। इस मार्ग पर ट्रक चालकों की मनमानी का यह हाल तब है जबकि आये दिन कमिश्नर से लेकर आईजी तक यहां से गुजरते हैं । बड़े कोल व्यवसायियों की हनक के आगे पुलिस प्रशासन इस पर लगाम लगा पाने में नाकाम है।
पीडीडीयू नगर से पड़ाव मार्ग पर स्थित चंदासी कोल मंडी में ट्रक चालकों की मनमानी से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। ट्रक चालक मनमाने तरीके से ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा कर देते है। ट्रकों के सड़क किनारे खड़ा होने से एक तो हमेशा जाम की स्थिति बनीं रहती है वहीं बारिश के दिनों में सड़क हादसे की आशंका रहती है। ट्रकों के पहियों में लग आयी मोटी परत सड़क पर जम चुकी है। कोल व्यवसायियों और ट्रक चालकों को पुलिस प्रशासन का भी खौफ नहीं है। मार्ग से आईजी और कमिश्नर के गुजरने के दौरान भी चालक ट्रकों को बेखौफ होकर सड़क किनारे खड़ा किये रहते है। लोगों ने जिला प्रशासन से ट्रकों को मार्ग से हटाये जाने की मांग भी की है।
पीडीडीयू नगर। चंदासी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण से लेकर कोल मंडी में जाम छुड़ाने से लेकर ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा नहीं होने देने की जिम्मेदारी चंदासी पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा से लेकर सिपाहियों तक की है। सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटाने के बजाय चौकी के पास दो पहियों का चालान कर कार्य से इतिश्री की जा रही है। सीओ सदर अनिल कुमार राय ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटाने के लिए समय समय पर अभियान चलाया जाता है। यहां तक कि सड़क किनारे खड़े ट्रकों का चालान भी किया जाता है। अब आगे व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।