चंदौली जिले के सदर कोतवाली के जसौली गांव के पास सोमवार को दोपहर करीब एक बजे बरातियों से भरी स्कार्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे स्कार्पियो में सवार दूल्हा समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।
इसमें नजबुल(50) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार चल रहा है। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाराणसी के जैतपुरा थाना के कज्जाकपुरा निवासी परिवार स्कार्पियो से बारात लेकर बिहार के साराराम जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। स्कार्पियो में सवार नजबुल(50), अनवर(25), अनवरी(52), रेहाना(40), कासिम(40), शाकीर(13), शमीम(08), सैयद अहमद(42) व अफसाना(25) गंभीर रूप से घायल हो गए।