चकिया/शिकारगंज। क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को सड़क हादसों में एक युवक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना क्षेत्र के चकिया-अहरौरा मार्ग पर स्थित प्रेमापुर गांव के पास लग्जरी वाहन की टक्कर से ऑटो सवार इबरार (55) की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना क्षेत्र के मुड़हुआ दक्षिणी गांव के पास हुई। जहां ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार संजय (35) की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चकिया - अहरौरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना के बाद मौके पहुंचे कोतवाल राजेश यादव ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर चक्का जाम समाप्त कराया।
चकिया कोतवाली क्षेत्र के बेलावर गांव निवासी इबरार मीरजापुर जनपद के अहरौरा थाना अंतर्गत सोनपुर गांव में अपनी पुत्री मकसदी की विदाई कराकर मंगलवार को ऑटो से घर को लौट रहे थे। ऑटो में इबरार बीच वाली सीट के दाहिनी ओर बैठे थे, जिससे उसके शरीर का आधा हिस्सा बाहर निकला हुआ था। प्रेमापुर गांव के पास ऑटो पहुंचा था कि तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार लग्जरी वाहन से ऑटो की टक्कर हो गई। इस दौरान इबरार सड़क पर गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार को पुलिस ने हेतिमपुर गांव के पास पकड़ लिया। वहीं दूसरी तरफ चकिया-अहरौरा मार्ग पर ही मुड़हुआ दक्षिणी गांव के मीरजापुर जनपद के अहरौरा थाना अंतर्गत जुड़ई गांव निवासी बाइक चालक संजय भारती (35) अपने पुत्र-पुत्रियों को महाशिवरात्रि पर हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वरनाथ में मेला दिखाकर कर लौट रहे थे। मुड़हुआ दक्षिणी गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार संजय भारती की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। कोतवाल राजेश यादव, रामपुर चौकी प्रभारी गिरीश चंद्र राय मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को आश्वासन देकर चक्का जाम समाप्त करा दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया। घटना को लेकर संयुक्त चिकित्सालय पर लोगों की की भारी भीड़ रही। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में मातमी माहौल छाया रहा।