कंदवा। स्थानीय थाना के भदखरी गांव के समीप रविवार की सुबह ट्रैक्टर ट्राली नाले में पलट गया। इस घटना में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला और चौकी प्रभारी रामपुर मनोज पांडेय ने जिला अस्पताल भेजवाया। यहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर तेल भराने के लिए पेट्रोल पंप पर जा रहा था कि हादसा हो गया।
धानापुर थाना के कवई पहाड़पुर ग्राम सभा के खरहनिया गांव निवासी भगेलू बिंद का पुत्र लव कुमार (21) कंदवा थाना के परशुरामपुर गांव में अपने मौसा महातिम बिंद के यहां गया था। वह अपने मौसा का ट्रैक्टर ट्राली लेकर तेल भराने के लिए औरइया पेट्रोल पंप पर जा रहा था। तभी भदखरी गांव के पास सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ाई के दौरान ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया और चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। शोर सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। टहल कर वापस लौट रहे मां मंशादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बरहनी के प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी रामपुर मनोज पांडेय मौके पर पहुंचे। किसी तरह चालक को बाहर निकलवा कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। घटना में मृत लव कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर पर था। सूचना पाकर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।