पीडीडीयू नगर। जिले में 6.22 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए छोटे पुल बनकर तैयार हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से बने इन पुल-पुलियों में गोरारी-सोनबरसा-सिरकोनिया पुल, महुरा में पुलिया और कटशिलवा में बने पुल शामिल हैं। इनके बन जाने से 120 गांवों के ढाई लाख लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि बरसात के बाद पुल-पुलियों को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी की ओर से विगत फरवरी में जिले में चार छोटे पुल की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी थी। इनमें तीन पुलों को शासन की मंजूरी मिली थी। मार्च में कार्ययोजना को मंजूरी मिलने व धन मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर कार्य आरंभ करा दिया था। चार माह में तीनों पुल बनकर तैयार हो गए हैं। दरअसल, गुजरात प्रांत के मोरबी और बिहार में 11 पुलों के गिरने के बाद शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने जिले में पुलों व पुलियों का सर्वे कराया था।