Chandauli News: चंदौली जिले में मुगलसराय थाना क्षेत्र के बेचूपुर नई बस्ती के तीन बच्चे 13 अप्रैल को स्कूल गए, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। इस पर परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उनका कुछ सुराग नहीं मिला तो पुलिस से शिकायत की।
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बेचूपुर नई बस्ती गांव से सोमवार को तीन मासूम बच्चों के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोपहर करीब 12 बजे तीनों बच्चे रोज की तरह घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
लापता बच्चों की पहचान पलक (13), अमीर (7) और आयात (6) निवासी नई बस्ती बेचूपुर के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, जब बच्चे स्कूल गए थे और निर्धारित समय तक घर नहीं लौटे तो पहले उन्होंने आसपास के मोहल्लों, मैदानों, सड़कों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद देर शाम मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संभावित स्थानों पर छानबीन जारी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।