चंदौली। आगामी त्योहार को देखते हुए एसपी डाॅ.अनिल कुमार ने देर रात जिले के सभी थानों के प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें जिले के टॉपटेन अभियुक्तों पर पैनी नजर रखने और कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। बोले, ढिलाई बरतने वाले थानेदारों पर होगी कार्रवाई। इसके अलावा दुर्गापूजा को देखते हुए एंटीरोमियों सेल को सतर्क कर दिया गया है।
एसपी ने बताया कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ छोटी-छोटी घटनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने के लिए क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। यूपी 112 पर प्राप्त सूचनाओं को पीआरवी वाहनों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण हेतु हिदायत दी गई है। लुटेरे, अवैध शराब व पशु तस्करों आदि पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी निगरानी व पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत ग्राम पंचायत एवं व्यापारी, प्रतिष्ठान मालिकों, समाजसेवियों व अन्य लोगों सहयोग सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला बीट अधिकारी सार्वजनिक स्थानों, कस्बों व गांवों में चौपाल लगा तथा स्कूल व कालेजों में जाकर उन्हें जागरूक करेंगी। एंटी रोमियो टीमों लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर मनचलों व अराजकतत्वों पर नजर रखी जाएगी।