पीडीडीयू नगर। ठंडी पछुआ हवाओं के अपेक्षाकृत आर्द्र व गर्म पुरवा हवाओं से विस्थापित हो जाने के कारण 30 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में आ रही गिरावट के पांच जनवरी से थम जाने के आसार हैं। इसके अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने के साथ छिटपुट बारिश की भी संभावना है। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान सात डिग्री व अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह जानकारी लखनऊ स्थित राज्य कृषि मौसम के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने दी है।
बताया कि आगामी 48 घंटों के दौरान जिले के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि व सात जनवरी से हल्की बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी दिशा के मध्यवर्ती अक्षांश के उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्र से आ रहे दो अन्य अपेक्षाकृत शक्तिशाली व सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों में से एक द्रोणी के रूप में अवस्थित है।इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर निचले क्षोभमंडल में उत्पन्न हुए उत्प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण चार जनवरी से सक्रिय रूप से प्रदेश को प्रभावित कर रहे हैं। इनके अग्रगामी वार्म फ्रंट (उष्णाग्र) के प्रभाव से सतही स्तर पर चल रही शुष्क व ठंडी पछुआ हवाओं के अपेक्षाकृत आर्द्र वगर्म पुरवा हवाओं से विस्थापित हो जाने के कारण न्यूनतम तापमान में आ रही गिरावट पांच जनवरी से थम गई है। बताया कि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान व सुबह के न्यूनतम तापमान के बीच अंतराल बढ़ने के कारण दिन में ठंड व गलन का असर कुछ कम हो रहा है पर सुबह कोहरे व सूर्यास्त के बाद सर्द हवाओं के कारण ठंड एवं गलन का असर बना हुआ है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सात जनवरी से आगामी दो से तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने व गरज-चमक के साथ जनपद में छिटपुट बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी है। वहीं कोहरे के घनत्व में व्यापक कमी आने व छह जनवरी से इसके नगण्य हो जाने की संभावना है।