ताराजीवनपुर। अग्निपथ योजना को लेकर हो रहा विरोध हिंसक होता जा रहा है। रविवार की सुबह आक्रोशित युवकों ने नगर से सटे अलीनगर थाना के मुस्तफापुर गांव में पुलिस को लेकर चल रही जीप में आग लगा दी। और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने घरों में घुस कर जान बचाई। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी पहुंचे। आईजी और एसपी ने भी मौके पर पहुंच कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। इसमें पुलिस कई युवकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
रविवार की सुबह अलीनगर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह दल बल के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मुस्तफापुर गांव के समीप बड़ी संख्या में युवा मौजूद दिखे। इस पर एसओ ने युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। अभी पूछताछ हो रही थी कि कुछ पुलिस कर्मियों ने युवाओं पर लाठी भांज दी। इससे युवा आक्रोशित हो गए। आक्रोशित युवकों ने पुलिस की प्राइवेट जीप को पलट दिया और आग लगा दी। वहीं जमकर पथराव शुरू कर दी। पथराव से निजी जीप के साथ पुलिस की जीप के शीशे भी टूट गए। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आस पास के घर में घुसकर जान बचाई। इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। बाद में पुलिस की सूचना पर अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और युवाओं को खदेड़ा। इस मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना के मुस्तफापुर गांव में हुए बवाल कुएं पर बैठकर पानी पी रहे बच्चों से पूछताछ की वजह से हुई। घटना से पहले बीस से अधिक लड़के क्रिकेट खेल कर नौ बजे कुएं पर पानी पीकर बैठे थे। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस की नजर इन पर पड़ गई और पूछताछ करने लगे। इसी के बाद मामला बढ़ गया।
ताराजीवनपुर। घटना के बाद पहुंचे आईजी के सत्यनारायण, कमिश्नर अनिल अग्रवाल गांव में पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम प्रधान श्याम नारायण यादव से सभी आरोपियों का नाम देने की हिदायत दी। यही नहीं ड्रोन कैमरा चलाकर एक एक व्यक्तियों की गतिविधि का जायजा लिया। इस मौके पर एसपी अंकुर अग्रवाल,एडिशनल एसपी चिरंजीवी मुखर्जी, सीओ अनिल राय, एसओ सत्येंद्र विक्रम सिंह रहे।
पीडीडीयू नगर। अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं के हिंसक प्रदर्शन और ट्रेनों में तोड़ फोड़ व आगजनी को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक ही ट्रेन चलाने का निर्णय कर चुकी है। वहीं दिल्ली, मुंबई सहित अन्य स्थानों पर पटना की ओर से आने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। पीडीडीयू जंक्शन से होकर गुजरने वाली 29 ट्रेनें निरस्त रही।
रविवार को लगातार दूसरे दिन आंदोलन के कारण डाउन पुणे दानापुर, लोकमान्य तिलक पाटलीपुत्र एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक जयनगर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक पटना, आनंद विहार जोगबनी सीमांचल एक्सप्रेस,नई दिल्ली दरभंगा क्लोन स्पेशल, महाबोधि एक्सप्रेस निरस्त रही। इसी तरह श्रमजीवी एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, भागलपुर एक्सप्रेस सहित 29 पीडीडीयू जंक्शन से होकर गुजरने वाली 29 ट्रेनें निरस्त रही। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हुई।
पीडीडीयू नगर। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध को देखते हुए और रविवार की सुबह जीप फुंकने की घटना के बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन छावनी में तब्दील हो गया। रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से स्टेशन पर गश्त की।
पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में विरोध को देखते हुए हाई एलर्ट किया गया है। यार्ड में ट्रेनों के कोचों व रेल पटरियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वरीय मंडल सुरक्षा अधिकारी आशीष मिश्र गया स्टेशन पर सुरक्षा की कमान संभाले हुए हैं। जीआरपी, आरपीएफ लगातार स्टेशन पर गश्त कर रही है। इसी बीच रविवार की सुबह युवाओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया और जीप में आग लगा दी। इस सूचना के बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस के साथ ही जीआरपी और आरपीएफ पूूरी तरह मुस्तैद हो गई। जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, निरीक्षक मनोज कुमार, विपिन सिंह के नेतृत्व में जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक संजीव कुमार, मुगलसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र की टीम लगातार गश्त करती रही।
पीडीडीयू नगर। अग्निपथ योजना के विरोध के कारण ट्रेनों का परिचालन बंद है। इससे यात्री जहां के तहां फंस गए हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेनों के इंतजार में लोग परेशान दिखे। एक युवक तीन सौ रुपये खर्च कर औरंगाबाद से लखनऊ की ट्रेन पकड़ने पहुंचा लेकिन ट्रेन रद्द हो गई। अब उसकी समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करे। वहीं पुणे जाने के इंतजार में बीस लोगों का ग्रुप दो दिनों से बैठा मिला है।
औरंगाबाद निवासी अनिल कुमार को लखनऊ जाना है। ट्रेन न चलने पर वह तीन सौ रुपये खर्च कर बस से पीडीडीयू जंक्शन पहुंचा लेकिन यहां पता चला कि लखनऊ के लिए ट्रेन नहीं है। अनिल ने कहा कि समय से लखनऊ न पहुंचने से नुकसान हो गया। गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ गुवाहाटी से पीडीडीयू जंक्शन सुनील चौहान पहुंचे थे। छुट्टियां खत्म हो गई और सोमवार से काम पर वापस लौटना था। इसके लिए शनिवार को कामाख्या एक्सप्रेस में रिजर्वेशन करा रखा था लेकिन ट्रेन निरस्त हो गई। अब समझ में नहीं आ रहा है कि वे कैसे जाएं। जिले के नूरी निवासी बबलू राम गोवा जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंचे हैं। आठ दिनों तक घूमने का प्रोग्राम बनाया था लेकिन ट्रेन निरस्त होने से पूरा प्रोग्राम कैंसिल हो गया। वहीं बक्सर निवासी भूरन चौहान किसी काम से पीडीडीयू नगर आया था। अब ट्रेन निरस्त होने से समझ में नहीं आ रहा है कि वह घर वापस कैसे जाए।