सकलडीहा। कोविड-19 महामारी के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल शुरू की गई है। इसके तहत शनिवार को पुष्टाहार बनाने के लिए डेढ़ावल और विशुनपुरा गांव में कारखाना निर्माण के लिए ब्लॉक मिशन प्रबंधक सुजीत कुमार व समर बहादुर वर्मा ने जमीन का निरीक्षण किया। चार दिन पहले भी अधिकारियों ने धानापुर और चहनिया में कारखाना निर्माण के लिए जमीन का निरीक्षण किया था।
जिलें में 7800 स्वयं सहायता समूह संगठन है जिसमें 85 हजार महिलाएं जुड़ी हैं। कारखाना लगने से इन्हें रोजगार मिलेगा और इनकी आय बढ़ेगी। ब्लाक मिशन प्रबंधक सुजीत कुमार और समर बहादुर वर्मा ने बताया कि बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पुष्टाहार का वितरण किया जाता है। सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण को और मजबूत करने के लिए एनआरएलएम से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनसे पुष्टाहार तैयार कराकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। कार्य क्षमता के अनुसार प्रत्येक महिला को चार से छह हजार रुपये मानदेय भी दिया जाएगा। पुष्टाहार बनाने के के कारखाने के लिए विकास खंड के डेढ़ावल और विशुनपुरा गांव में स्थलीय निरीक्षण किया गया है। शीघ्र ही कारखाना बनवाकर पुष्टाहार बनाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।