इलिया क्षेत्र में तीन दिनों पहले हुई मूसलाधार बारिश ने इलिया क्षेत्र के जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश थमे अब तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। कस्बा के निचले इलाकों में जलभराव अब भी बना हुआ है।
बारिश के बाद निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी गलियों और घरों में भरा हुआ है। कस्बा स्थित इंटर कालेज परिसर और यादव बस्ती में जलभराव की स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है। विद्यालय परिसर में पानी भरा होने के कारण पढ़ाई-लिखाई पूरी तरह ठप हो गई है।
छात्राओं को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। विद्यालय प्रबंधन ने कई बार संबंधित विभागों को पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं यादव बस्ती में दर्जनों घरों में अब भी पानी घुसा हुआ है।
लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं। घरों के अंदर रखा सामान भी भीगकर खराब हो रहा है। गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय निवासी चंद्रशेखर शर्मा, सक्कल यादव, संजय यादव, मीरा देवी और बबलू कुमार ने बताया कि प्रशासन को बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई राहत कार्य शुरू नहीं किया गया।
लोगों की मांग है कि नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए और दुर्गावती बालिका इंटर कॉलेज परिसर में पंप लगाकर पानी निकाला जाए ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।