चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के भलेहटा गांव में एक युवक पर बकरी चोरों ने हमला कर दिया। भीम मौर्या नामक युवक पर शनिवार को आधी रात में चोरों ने धावा बोल दिया और चाकू से कई वार किए। चाकू से हमला होने पर भीम अचेत हो गए। उन्हें इलाज के लिए चहनिया पीएचसी पहुंचाया गया।
सकलडीहा थाना क्षेत्र के जमुरना गांव निवासी भीम मौर्या भलेहटा गांव के सिवान में जमीन लेकर मकान बनवाकर रहते हैं। वे शनिवार की रात खाना खाकर सो रहे थे। इस बीच आधी रात में चोरों ने बकरी चुराने के उद्देश्य से धावा बोल दिया। खटपट की आवाज सुनकर भीम की नीद टूट गई और वे चोरों से भिड़ गए। लगभग 6 लोगों ने ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर भीम को जख्मी कर दिया। इससे वे अचेत हो गए। सूचना पर पहुंची 112 पीआरबी पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और इलाज के लिए चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। ग्रामीणों का कहना है कि बलुआ थाना क्षेत्र में बकरी चोरों का आतंक है। लोग अब बकरी पालने से कतरा रहे है। बलुआ थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्र ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।