पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस के प्रति सतर्कता बरते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पं.दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित मंडल के छह स्टेशनों के प्लेटफार्म टिकट बढ़ाकर पचास रुपये कर दिए गए हैं। कंप्यूटर सिस्टम में बदलाव कर इसे लागू कर दिया जाएगा। 15 अप्रैल तक यह बढ़ोत्तरी लागू रहेगी।
कोरोना से बचाव के लिए रेलवे लगातार सुरक्षात्मक उपाय अपना रही है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अधिक भ़ीड़ को देखते हुए यात्रियों को स्टेशन पर छोड़ने आने वालों को रोकने के उद्देश्य से चुनिंदा स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट महंगे किए जा रहे हैं। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में 13 स्टेशनों पर एक दिन पहले ही प्लेटफार्म टिकट दस रुपये के बजाए पचास रुपये कर दिए गए। बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के छह स्टेशनों पर इसे लागू किया गया है। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, अनुग्रह नरायन रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड सहित छह स्टेशनों पर अब प्लेटफार्म टिकट दस रुपये के बजाए 50 रुपये का मिलेगा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अस्थायी रूप से वृद्धि 15 अप्रैल तक लागू रहेगी। बताया कि सेंटर फार रेलवे इंफारमेंशन सिस्टम (क्रिस) में बदलाव के बाद यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम करना है।
पीडीडीयू नगर। रेेलवे ने यात्रियों को छोड़ने वालों की भीड़ कम करने के उद्देश्य से प्लेटफार्म टिकट की कीमत बढ़ा दी है। ऐसे में प्लेटफार्म टिकट की बिक्री कम होगी लेकिन प्लेटफार्म टिकट से सस्ता गंजख्वाजा, चंदौली, सैयदराजा, भभुआ रोड, सकलडीहा, जमानियां, दिलदार नगर और वाराणसी तक का टिकट है। ऐसे में यात्री अब इन स्टेशनों का टिकट लेकर आराम से स्टेशन पर पहुंचेंगे।