चंदौली। कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रदेश सरकार काफी सतर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने कैबिनेट की बैठक के बाद प्रदेश में सभी स्कूल व कालेज को दो अप्रैल तक बंद करने का निर्देश जारी कर दिया है। सीएम के फरमान के बाद जनपद में सक्रियता बढ़ गई और सभी कालेजों को बंद करने निर्देश जारी हो गया है। वहीं हिदायत दी गई कि कोई कालेज अगर पालन नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना वायरस का भय लोगों को सताने लगा है। इससे बचने के लिए पहले सरकार ने सभी स्कूल-कालेज को 22 मार्च तक बंद करने का आदेश जारी किया था, लेकिन अब स्कूल व कॉलेज को दो अप्रैल तक बंद करने के साथ ही सरकार ने अगले आदेश तक सभी परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया है। यह मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा सभी स्कूल-कॉलेजों में चल रही परीक्षाओं को स्थगित करने का आदेश जारी किया है। कैबिनेट बैठक के दौरान कोरोना के चलते यूपी के सभी पर्यटक स्थलों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश भी जारी हुआ है और कहा गया कि पर्यटक स्थल सिर्फ साफ सफाई के लिए खुलेंगे। कोरोना के बढ़त कहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों और मल्टीप्लेक्स दो अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डा.विनोद कुुमार राय ने कहा कि शासन के निर्देश का पालन कड़ाई से किया जाएगा। अगर कोई भी इसका अनुपालन नहीं किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।