नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के भुपौली चौकी प्रभारी देवेंद्र साहू पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को अलीनगर थाने का घेराव किया। सकलडीहा के पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेश द्विवेदी ने घेराव का नेतृत्व किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ सकलडीहा रामवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को मामले की जांच कराने और दोषी के विरुद्घ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर मामला शांत हुआ।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सकलडीहा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेश द्विवेदी ने चौकी प्रभारी को समस्या को लेकर फोन किया। इस दौरान चौकी प्रभारी ने मंडल अध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप था कि चौकी प्रभारी का व्यवहार भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति सहयोगात्मक नहीं रहा है। इस बात की जानकारी होने पर नाराज भाजपा कार्यकर्ता अलीनगर थाने पहुंच चौकी प्रभारी के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग करने लगें। इस दौरान थाने पर काफी हो हल्ला मच गया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर सीओ सकलडीहा मौके पर पहुंचे, उन्होंने शिकायती पत्र लेकर मामले की जांच कराने और दोषी के विरुद्घ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस पर कार्यकर्ता शांत हुए। प्रदर्शन करने के दौरान सतीश चौहान, मनोज गोंड, पंकज सिंह, गिरीश सिंह, अभिनव सिंह, किशन गोंड, डॉ विजय, अमृत जायसवाल, संतोष मिश्रा, रवि तिवारी, जेडी दुबे, अभिजीत यदुवंशी, जितेंद्र यादव, चंद्रा आदि मौजूद रहे।