पीडीडीयू नगर। पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार को जिले में मौसम बदला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादल छाए रह सकते हैं। हवा की रफ्तार 25 से घटकर 12 से 14 किमी प्रति घंटे हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
रविवार को पूरे दिन धूप रही। करीब 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। धूप निकलने और हवा की रफ्तार कम होने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज हुई। दिन में अधिकतम तापमान शनिवार के 33 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर रविवार को 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर ही बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इससे वातावरण में नमी बढ़ने के साथ ही बादल छाए रहने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में वृद्धि हो सकती है। राज्य कृषि और मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में मौसम दो अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हवा की गति बदल सकती है। हल्की से मध्यम गति से हवा चलने की संभावना है।