पीडीडीयू नगर। जिले में क्रिसमस की तैयारियां तेज हो गई है। घरों में केक बनाने के साथ क्रिसमस ट्री सजाने की तैयारी हो रही है। वहीं नगर के बाल यीशु कैथोलिक चर्च में भी चरनी सजाने का काम शुरू हो गया है। देश के तीन बाल यीशु चर्च में शामिल नगर के युरोपियन कालोनी स्थित गिरजाघर में यीशु मसीह के जन्मोत्सव की झांकी के साथ बाल यीशु के दर्शन कर सकेंगे।
नगर के यूरोपियन कालोनी स्थित कैथोलिक चर्च में प्रतिवर्ष क्रिसमस पर आकर्षक चरनी (जन्मोत्सव झांकी) सजाई जाती है। गिरजाघर परिसर में बाल यीशु की प्रतिमा के समक्ष ही इस वर्ष चरनी सजाई जा रही है। ऐसे में लोग चरनी को देखने के बाद बाल यीशु से भी आशीर्वाद लेंगे। वहीं दीवारों पर आकर्षक झांकी और यीशु मसीह के संदेशों को भी देख सकेंगे। चरनी सजा रहे लोगों ने बताया कि 23 दिसंबर तक सजावट का काम पूरा हो जाएगा। चौबीस दिसंबर की रात प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं फादर विपिन सीजे ने बताया कि 24 दिसंबर की रात विशेष प्रार्थना सभा होगी। वहीं 25 दिसंबर को क्रिसमस पर यहां दिन भर प्रार्थना होगी। वहीं मेला लगेगा। इसकी तैयारी तेजी से जारी है। बताया कि मसीही समुदाय के लोगों में क्रिसमस को लेकर विशेष उत्साह रहता है। घरों में भी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।