थाना क्षेत्र के तियरी गांव में शुक्रवार की देर रात मड़ई में आग लग गई। इस दौरान मड़ई में सो रहे रामप्रवेश पासवान (50) की जलकर मौत हो गई। मुंह में कैंसर होने के चलते रामप्रवेश बोल न सका। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
तियरी गांव निवासी पेशे से मजदूर रामप्रवेश पासवान मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। वे अपने मकान से कुछ ही दूरी पर मड़ई बनाकर रहते थे। बीमारी के कारण उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकल पाती थी। शुक्रवार की देर रात उनकी मड़ई में आग लग गई। रामप्रवेश बोल नहीं पाते थे, इसके चलते आग में जलकर उनकी मौत हो गई। गांव के लोगों ने बताया कि मड़ई के पास कूड़े में आग लगाई गई थी संभवत: उसी से निकली चिंगारी मड़ई पर पड़ी, जिससे आग लग गई होगी। रामप्रवेश की मौत के बाद उनकी पत्नी शीला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।