मुगलसराय के मानस नगर में बालक की मौत के बाद विलाप करते परिवार के लोग।
अलीनगर थाना क्षेत्र के मानस नगर कालोनी स्थित एक गैस एजेंसी के समीप स्थित झोपड़ पट्टी निवासी दीपक के पुत्र कन्हैया (10) की गुरुवार की सुबह आठ बजे गैस एजेंसी के गेट की चपेट में आने से मौत हो गई। बालक की मौत से नाराज परिवारवालों और झोपड़ पट्टी निवासियों ने वहां पहुंचकर हंगामा किया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अलीनगर थानाध्यक्ष अजय सिंह ने समझाबुझाकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटना में बालक की मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार को ट्रक के धक्के से गैस एजेंसी का गेट क्षतिग्रस्त हो गया था। एजेंसी के कर्मचारियों ने गेट को उठाकर एजेंसी के दीवार के सहारे टिका दिया था।
गुरुवार की सुबह कन्हैया खेलते-खेलते गेट के समीप पहुंच गया। इसी दौरान अचानक गेट उसके ऊपर गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज बालक के परिवारवालों और झोपड़ पट्टी निवासियों ने एजेंसी पर पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया। एजेंसी संचालक की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। कन्हैया अलीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है। बालक का पिता दीपक कूड़ा बीनने का कार्य करता है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि दुर्घटना में बालक की मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।