जयपुरिया स्कूल में स्केटिंग करते बच्चे।
जीटी रोड पर डांडी के समीप स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल में चल रहे समर कैंप में गुरुवार को बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। छोटे छोटे बच्चों ने ईट और लकड़ियों को तोड़ कर दिखाया, तो लोग अचंभित हो गए।
प्रशिक्षण की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षक अमित जायसवाल ने बच्चों को ताइक्वांडो के बारे में बताया और सिखाया। बच्चों ने ताइक्वांडो के गुर का प्रदर्शन भी किया। अमित ने बताया कि बच्चे इसे आसानी से समझ रहे हैं। हर्षा और प्रिया ने भी बच्चों को ताइक्वांडो के दांव पेंच सिखाए। इसी तरह अन्य कलाओं का भी बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में विद्यालय ने अलग-अलग आयु वर्ग के आधार पर बच्चों को ए, बी, सी तीन समूहों में विभक्त कर दिया है। सभी बच्चों को आयु वर्ग के अनुकूल क्रियाकलाप सिखाया जा रहा है। प्रशिक्षक बच्चों को डिजिटल फोटोग्राफी एवं मोबाइल से की जाने वाली फोटोग्राफी की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। कैंप में घुड़सवारी का भी बच्चे खूब आनंद उठा रहे हैं। शिविर में विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज, निदेशक मनोज बजाज, श्याम सुन्दर बजाज, प्राचार्य आशीष सक्सेना, श्वेता माहेश्वरी, हिमांशु गुप्ता आदि रहे।