कैली गंगा घाट पर स्नान करते समय डूबे युवक का शव शनिवार को 22 घंटे बाद उतराया मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके पूर्व युवक का शव मिलते ही परिवार वालों में हाहाकार मच गया।
वाराणसी के राजातालाब अंतर्गत जीतापुर गांव निवासी संतोष सिंह का पुत्र राज सिंह (22) अलीनगर थाना क्षेत्र के टडिया गांव निवासी अपने मामा प्रकाश सिंह की लड़की की शादी में शामिल होने आया था। शुक्रवार को युवती की विदाई होने के बाद दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार युवक कैली स्थित गंगा घाट पर स्नान करने के लिए चले गये। मौज मस्ती के दौरान पैर फिसलने के चलते राज गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह पानी में डूब गया। लोगों ने गंगा में कूदकर खोजने का प्रयास किया लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी गोताखोरों के माध्यम से युवक की तलाश की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। एनडीआरएफ ने भी शव की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। शनिवार को एक बार फिर युवक की तलाश शुरू हुई। इस बीच घटना स्थल से कुछ दूर युवक का शव उतराया मिला। शव मिलते ही परिवार के साथ नाते रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में मातम की स्थिति हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।