नियामताबाद। अमोघपुर में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में बालिका की मौत हो गई। उसका शव घर में जमीन पर पड़ा हुआ मिला। मौत का कारण पता नहीं चल पाया। घटना के दौरान घर में परिवार का कोई सदस्य नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
अमोघपुर गांव निवासी गोपाल चौहान की नतिनी अनन्या चौहान (12) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अनन्या के पिता इंद्रजीत चौहान की मृत्यु चार साल पहले लंबी बीमारी की वजह से हो गई थी। मां सीमा चौहान प्राइवेट नौकरी कर दो बेटों पवन व कुणाल और पुत्री अनन्या का भरण-पोषण करती हैं। शनिवार की सुबह सीमा खाना खाकर काम पर चली गईं। अनन्या के दादा और भाई भी बाहर गए हुए थे। वह घर में अकेली थी। इसी बीच पड़ोसियों ने उसके घर का दरवाजा खेाला तो अंदर का दृश्य देख सकते में आ गए। फर्श पर अनन्या का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ आशुतोष ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में बालिका की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।