पीडीडीयू नगर। नगर में स्थित एलबीएस खरीद केंद्र परिसर में बना कूड़ादान क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते वहां गंदगी फैली रहती है। उधर, छुट्टा पशु वहां कूड़ा फैला दे रहे हैं। गंदगी और दुर्गंध के कारण आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका की ओर से जगह-जगह कूड़ेदान बनाए गए हैं। नगर क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े को विभिन्न माध्यमों से कूड़ेदान में डंप किया जाता है। इसके बाद वहां से गाड़ियों में भरकर कूड़ा डंपिंग स्थल पर ले जाया जाता है। काफी पुराना होने व मरम्मत नहीं होने के कारण लाल बहादुर शास्त्री खरीद केंद्र परिसर में बना कूड़ेदान क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे गंदगी सड़क पर फैली रहती है। छुट्टा पशु भी कूड़े को फैैला देते हैं। इस संबंध में नगर पालिका के चेयरमैन सोनू किन्नर का कहना है कि जो भी कूड़ेदान क्षतिग्रस्त हैं, उनकी जल्दी ही मरम्मत कराई जाएगी।