चहनियां। बलुआ थाना के मोहनपुरवा गांव में मंगलवार की देर शाम कुछ लोगों ने पान खाने के बहाने आटो चालक को बुलाकर लाठी डंडे से पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर भेजा। यहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
मोहनपुरवा गांव निवासी बनारसी यादव (35) पुत्र गुदरी यादव ऑटो रिक्शा चलाकर परिवारीजनों का जीविकोपार्जन करता था। मंगलवार की शाम को वह ऑटो चलाकर घर आया। धान कूटवाकर ऑटो से घर लाया। देर शाम को गांव के ही कुछ लोग उसे फोनकर पान की दुकान बुलाए। वहां पहुंचने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बुलाने वाले छह लोगों ने लाठी डंडे और ईंट से कूंच कर अधमरा कर दिया। शोर सुनकर लोगों के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीएचसी पहुंचाया। यहां उसकी हालत गंभीर देख उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवारीजनों में खलबली मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं परिजनों की तहरीर पर समाजसेवी आरबी यादव, राजू यादव सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज की है। इस संबंध में सीओ सकलडीहा अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि विवाद के बाद मारपीट में युवक की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर छह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चहनियां। मोहनपुरवा गांव में हत्या के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। वहीं हत्या से परिवार वालों में कोहराम मच गया है। मृतक के माता भल्लर देवी, पत्नी कौशिल्या देवी, भाई विरेन्द्र यादव, पुत्र शुभम, सगुन, पुत्री ब्यूटी और बबली का रोकर हाल बेहाल हो गया है।