चकिया । कोतवाली क्षेत्र के नगर के वार्ड नंबर 11 शास्त्री नगर में बृहस्पतिवार को एक जनरल स्टोर के सामने खड़ी शशि प्रकाश दुबे नामक किसान की बाइक की डिग्गी तोड़कर उचक्को ने बैग सहित एक लाख की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के कुछ देर बाद किसान का बैग शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव के पेट्रोल पंप पर मिला। पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव निवासी शशि प्रकाश दुबे धान विक्रय का पैसा निकालने अपने लड़के के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को चकिया स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा में गए थे। जहां से उन्होंने एक लाख दो हजार रुपये खाते से निकाले। जिसमें से दो हजार रुपये जेब में रख लिये वहीं एक लाख रुपये बैग में रखकर बाइक की डिग्गी में रख कर लाक कर दिया। इसके बाद वे चकिया कोतवाली मार्ग पर स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान पर पहुंचे जहां बाइक को सड़क पर खड़ी कर कैरम बोर्ड खरीदने लगे। इसी दौरान मौका पाकर उचक्कों ने डिग्गी को तोड़कर बैग निकाल लिया तथा और फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने जनरल स्टोर सहित आसपास के दुकानों का सीसीटीवी फुटेज खंगालना आरंभ किया। जिसमें उचक्के की गतिविधियां दिखाई दी लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हुई । उचक्के के साथ एक युवती भी फुटेज में दिखाई दे दी । पुलिस की पड़ताल के दौरान किसी ने फोन से शशि प्रकाश को सूचित किया कि उनका बैग चकिया चंदौली मार्ग पर शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव के पेट्रोल पंप के पास मिला है। सूचना पर शशि प्रकाश बिशुनपुरा गए जहां बैंक तो मिला लेकिन रुपये गायब थे। कोतवाल राजेश यादव ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचक्कों की शिनाख्त की जा रही है।