नौगढ़। शिक्षकों का प्रशिक्षण एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू करने की दिशा में अहम कदम मना जा रहा है। शुक्रवार को नौगढ़ स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षक प्रशिक्षण के पांचवें और अंतिम बैच का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक माह से चल रहा था। इसमें प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को भाषा एवं गणित विषयों में दक्षता प्रदान की गई।
समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि राम ने प्रतिभागी शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण भविष्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अब तक प्राथमिक विद्यालयों में परिषद की पुस्तकें चलती थीं, लेकिन इस वर्ष से कक्षा 1 से 3 तक एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू की जाएंगी। इसका उद्देश्य पूरे भारत में एक समान पाठ्यक्रम को लागू करना है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में अन्य कक्षाओं में भी एनसीईआरटी की पुस्तकें चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी सीबीएसई के विद्यार्थियों के समकक्ष प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। एआरपी संजीव सिंह ने प्रशिक्षण को शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए लाभकारी बताते हुए विश्वास जताया कि इससे शिक्षण प्रक्रिया में सकारात्मक बदलाव आएगा। इस अवसर पर एआरपी अशोक कुमार, संदर्भदाता अवनीश श्रीवास्तव, ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर सुशील सिंह माैजूद रहे। संवाद