चंदौली। जनपद के पुलिस विभाग में तैनात कर्मियों में दागी, भ्रष्ट और अयोग्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं 50 पार वाले अनफिट पुलिस कर्मियों की कुंडली तैयार किया जाएगा। फिलहाल जिले के आला अफसर ऐसे लोगों की गोपनीय ढंग से रिपोर्ट तैयार कर रहे है। जिन्हे रिटायरमेंट देने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजा जाएगा।
जिले में करीब 40 निरीक्षक, 150 से अधिक उपनिरीक्षक तथा एक हजार से अधिक कांस्टेबल और हेड कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। बेहतर कानून व्यवस्था रखने के लिए थानों पर निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक और सिपाहियों को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन कई निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया चल रही है। इसमें भ्रष्टाचार, लापरवाही और तमाम कमियों की फाइलें खुली हुई हैं। अब विभागीय तौर ऐसे लोगों को रिटायरमेंट देने की तैयारी चल रही है। डीपीपी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दागी, अयोग्य तथा अनफिट पुलिस कर्मियों को जबरिया रिटायरमेंट दिया जाएगा। इसमें 50 वर्ष की आयु पूरी करने वाले ऐसे पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा। जिनका सेवाकाल के दौरान पिछला इतिहास खराब रहा हो।