सकलडीहा। लिंगदोह कमेटी के अनुसार स्थानीय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. शमीम राइन ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार 12 मई को सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक अध्यापक कक्ष में नामांकन की प्रक्रिया होगी। वहीं 13 मई को नामांकन पत्रों की जांच व 21 मई को मतदान व मतगणना होगी। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।
पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. शमीम राईन व सहायक चुनाव अधिकारी डॉ. यज्ञनाथ पांडेय, श्यामलाल यादव, जितेंद्र यादव, डॉ. इंद्रजीत सिंह व पर्यवेक्षक अखिलेश पांडेय व कविंद्रनाथ की संयुक्त बैठक हुई। बैठक के बाद छात्रसंघ वर्ष 2021/22 के चुनाव को लेकर तिथिवार अधिसूचना जारी की गई। इसके अनुसार 12 मई को सुबह 10 से तीन बजे तक नामांकन के बाद सूची चस्पा की जाएगी। 13 मई को नामांकन पत्रों की जांच व प्रत्याशियों की सूची चस्पा होगी। वहीं 14 मई को नाम वापसी और 21 मई को सुबह नौ बजे से दोपहर के दो बजे तक मतदान होगा। ढाई बजे से मतगणना होगी जिसके बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि लिंगदोह कमेटी के अनुसार चुनाव निष्पक्ष व शुचिता के साथ कराया जाएगा।
छात्रसंघ चुनाव के लिए पीजी कॉलेज परिसर में कुल नौ बूथ बनाए गए हैं। चुनाव में कुल 2350 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग बूथ की व्यवस्था की गई है।