बलुआ थाना के अमिलाई गांव में रविवार की देर शाम गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी का शव मिला। किशोरी चहनियां स्थित एक विद्यालय में नौवीं की छात्रा रही। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किशोरी कैसे कुंए में गिरी और मौत हुई। इसका पता नहीं चला है।
अमिलाई गांव निवासी सुरेन्द्र यादव की पुत्री शालिनी चहनियां स्थित एक विद्यालय में नौवीं की छात्रा थी। रविवार की सुबह वह किसी काम से घर से निकली थी लेकिन देर तक घर नहीं पहुंची। शाम को शालिनी की बहन कुंए से पानी लेने गई और कुंए में झांका तो शालिनी का शव उतराया देख कर भौचक रह गई। शोर सुनकर आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्रा की मौत से परिवारीजनों में कोहराम की स्थिति है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथलेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। परिवार वालों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।