बबुरी। क्षेत्र के एक विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा ने विद्यालय के एक शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा का चिकित्सकीय परीक्षण जिला अस्पताल चंदौली में कराया गया है।
छात्रा की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि विद्यालय के एक शिक्षक ने उनकी बेटी के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। छात्रा का कहना है कि विद्यालय पहुंचने के दौरान संबंधित शिक्षक ने उसके साथ छेड़खानी की। घटना के बाद छात्रा और उसके परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, आरोपित शिक्षक ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर घटना होने की बात कही जा रही है, वह उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने दावा किया कि 32 वर्ष के सेवाकाल में वह उस कमरे में कभी गए ही नहीं और उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं।
बबुरी थाना प्रभारी कौशल किशोर चौबे ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। छात्रा का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।