पीडीडीयू नगर। मौनी अमावस्या पर वाराणसी और प्रयागराज जाने वाले तथा दूसरे स्थानों पर बलुआ में गंगा स्नान के लिए आने वाले स्नानार्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड के साथ सुरक्षा बलों ने स्टेशन का चप्पा चप्पा छान मारा। इस दौरान यात्रियों को सतर्क रहने और कोरोना नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
दोपहर बाद रेलवे सुरक्षा बल पीडीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार और जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने आठों प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, फूटओवर ब्रिज, यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया में जांच पड़ताल की। इस दौरान यात्रियों को कोरोना को देखते हुए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने का आहवान किया गया। इस दौरान ट्रेन में अथवा प्लेटफार्म पर लावारिश वस्तुओं को हाथ न लगाने और इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने का आह्वान किया। टीम ने वाहन स्टैंड, बैंक एटीएम शाखाओं में भी जांच पड़ताल की। इस दौरान जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा।