चंदौली। शुक्रवार की पूरी रात हुई झमाझम बारिश से नगर में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण नगर के कई कार्यालयों, जिला अस्पताल व अन्य इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। वहीं जल निकासी तंत्र पूरी तरह ध्वस्त दिखा। नालियों व नाले का पानी गलियों व सड़कों पर फैला रहा जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। एसपी कार्यालय और जिला अस्पताल में भी पानी लग गया।
नगर के निचले इलाके में घरों के अंदर नाबदान का पानी घुसने से लोगों के खाद्यान्न, घर रखे सामान व कई उपकरण खराब हो गए। मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सदर कोतवाली, जिला अस्पताल की ओपीडी व गेट पर बारिश का पानी जमा रहा। इसके अलावा कचहरी परिसर में भी जलभराव की स्थिति दिखी। मुख्य चांदनी मार्केट सहित अधिकांश वार्डों में बारिश का पानी नालियों की बजाए सड़कों पर बहता हुआ नजर आया। ऐसे में लोग गंदे पानी से होकर आवागमन करने को विवश दिखे। हालात ऐसे थे कि एक रात की बारिश ने जलनिकासी व साफ-सफाई के सभी दावों को ध्वस्त कर दिया। हालात इतने खराब थे कि लोग पूरे दिन दुश्वारियों से घिरे रहे।