पीडीडीयू नगर। कोरोना का प्रभाव घटने के बाद रेलवे लगातार सेकेंड क्लास में सिटिंग कोच को अनारक्षित कर रहा है। इसी क्रम में अब बुद्ध पूर्णिमा सहित नौ ट्रेनों के कुछ कोच 20 दिसंबर से अनारक्षित किए जाएंगे। इसमें यात्रा के लिए अब रिजर्वेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि राजगीर-वाराणसी बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस में आरक्षित साधारण श्रेणी के कोचों की कुल संख्या सात कर दी गई है। अब डी-04 से डी-07 तक चार कोचों में आरक्षण की जरूरत नहीं होगी। वहीं भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में डी-11 से डी-15, भागलपुर-मुजफ्फरपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में डी-07 से डी-11, मनिहारी-जयनगर जानकी एक्सप्रेस में डी-03 से डी-06 और कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में डी-07 से डी-12 तक अनारक्षित श्रेणी के कोच होंगे। वहीं रांची-चोपन-रांची एक्सप्रेस में भी डी-06 से डी-10, रांची-सासाराम एक्सप्रेस में डी-06 से डी-10, आरा-रांची-आरा एक्सप्रेस में डी-02 से डी-05 तक औऱ पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस में डी-06 से डी-11 तक अनारक्षित श्रेणी के कोच होंगे।