शिकारगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन भी हो चुका है। इस बीच उम्मीदवारों ने गांवों में प्रचार तेज कर दिया है। सोशल मीडिया प्रत्याशियों के प्रचार का सशक्त माध्यम बन गया है। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रत्याशी अपने पोस्टर डालकर लोगों से पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। प्रत्याशी मतदाताओं को सुप्रभात और शुभ रात्रि का संदेश देना भी नहीं भूल रहे हैं।
कोरोना के कारण भारी भरकम भीड़ के साथ प्रचार करने पर जिला प्रशासन की ओर से रोक लगा दी गई है। ऐसे में चुनाव जीतने के लिए कई प्रत्याशी अकेले ही मतदाताओं की ड्योढ़ी पर सुबह-शाम पहुंच रहे हैं। प्रत्याशी प्रचार के लिए सोशल मीडिया का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें सबसे प्रमुख माध्यम व्हाट्सएप और फेसबुक है। प्रत्याशी गांव व क्षेत्र में विकास कराने के बड़े-बड़े दावे भी व्हाट्सएप और फेसबुक पर कर रहे हैं। इसके लिए चुनाव के लिए गीत तक तैयार कराये गए हैं। जिसे लोगों को भेज अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। प्रधान से लेकर जिला क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्य तक के प्रत्याशी सोशल मीडिया का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। गांवों में प्रत्याशियों ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप भी बना लिया है।