Chandauli News: भूसी की आड़ में 61 लाख की बीयर पंजाब से बिहार ले जा रहे थे। इस दौरान दो अंतर्राज्यीय तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ट्रक से 14,520 लीटर अवैध बीयर बरामद हुआ।
चंदौली पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक ट्रक से पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी से बिहार जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध ट्रक गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर चौकी नवीन मंडी के सामने घेराबंदी कर ट्रक संख्या एमएच-18-बीजी-7712 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई कुल 1210 पेटी ''हावर्ड 500'' ब्रांड की अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की गई।
बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है। मौके से पुलिस ने दो शातिर अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मूला राम, 28 वर्ष, निवासी- खोखसर पश्चिम, थाना गीडा, जनपद बाड़मेर राजस्थान और हितेन्द्र कुमार, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी- सेवनीपाला, थाना बायतु, जनपद बाड़मेर राजस्थान के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि अवैध बीयर पंजाब से लोड कर बिहार के औरंगाबाद जनपद ले जाई जा रही थी। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस से बचने के लिए ट्रक में भूसी लदी होने की बात बताकर गुमराह करने का प्रयास किया गया था। एएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी जानें बरामदगी : 1210 पेटी अवैध बीयर
कुल मात्रा : 14,520 लीटर (29,040 कैन)
अनुमानित कीमत : 61 लाख रुपये
गिरफ्तार : दो अंतर्राज्यीय तस्कर
रूट : पंजाब से बिहार (औरंगाबाद)