4 सितंबर 2020 को पीडीडीयू नगर के एलबीएस कटरामें गिरा छज्जा। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। जर्जर हो चुके लाल बहादुर शास्त्री क्रय-विक्रय केंद्र के दिन बहुरने वाले हैं। बारजा गिरने की घटनाओं के बाद नगर पालिका प्रशासन ने केंद्र के सभी आठ ब्लॉकों की मरम्मत कराने की कवायद शुरू कर दी है।
इसके लिए 1.12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद छत और जर्जर बारजों की मरम्मत, लाइट और जलनिकासी की व्यवस्था समेत अन्य जरूरी काम कराए जाएंगे।
वर्ष 1977 में नगर पालिका की ओर से लोगों को लाल बहादुर शास्त्री क्रय विक्रय केंद्र में लीज पर दुकानें आवंटित की गई थीं। बाद में केंद्र में नए ब्लॉकों का निर्माण भी हुआ। इस समय यहां आठ ब्लॉक और 311 दुकानें हैं।
लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण भवनों की छत और बारजों की हालत जर्जर हो चुकी है। प्लास्टर उखड़ने के साथ छज्जों और रेलिंग की हालत खराब हो गई है। यही नहीं, कई दुकानें भी जर्जर हो गई है।
हादसे की आशंका को देखते हुए क्रय-विक्रय केंद्र के व्यापारी कई बार नगर पालिका के ईओ को पत्रक देकर मरम्मत कराने की मांग कर चुके हैं। बारजे गिरने की दो घटनाओं ने दहशत बढ़ा दी दी।