चंदौली जिले में थाने के पीआरडी कर्मी और गोशाला के तीन कर्मचारियों से मारपीट कर मवेशी भरा वाहन लूटने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने सराय गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी वाराणसी जिले के चौबेपुर के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से लूटा गया वाहन और दो कारें बरामद की गई हैं। रविवार को एसपी आदित्य लांग्हे ने मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
एसपी ने बताया कि 14 अगस्त को तस्करों से मुक्त कराए गए पशुओं को पपौरा गोशाला भेजा गया था। रास्ते में मथेला पुल के पास तस्करों ने बलुआ थाने के पीआरडी कर्मी प्यारे लाल से मारपीट कर मवेशी लदा वाहन लूट ले गए थे।
मामले में 15 अगस्त को बलुआ थाने में 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तीन दिनों तक जांच के बाद वाराणसी जिले के चौबेपुर निवासी अजीत कुमार, अभिषेक यादव, हर्ष यादव, शिवकुमार गुप्ता, कवि शंकर और विशाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास लूटा गया वाहन, दो कार, छह मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड और एक ग्रीन कार्ड बरामद किया गया।
आरोपी विशाल के खिलाफ चंदौली बलुआ और वाराणसी के चौबेपुर थाने में मारपीट, शांतिभंग समेत कई धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, हर्ष यादव के खिलाफ बलुआ और रामनगर थाने में डकैती के मुकदमे दर्ज हैं। अजीत, अभिषेक, शिवकुमार और कवि शंकर के खिलाफ बलुआ थाने में डकैती, मारपीट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।