पीडीडीयू नगर। हरियाणा के सोनीपत में 18 से 23 जुलाई तक आयोजित नेशनल बॉक्सिंग चैंपियन शिप में सिल्वर मेडल जीत कर लौटी नीलम को मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने सम्मानित किया। नीलम सिंह चौहान का 28 जुलाई से रोहतक में शुरू हो रहे इंडिया कैंप के लिए सेलेक्शन हुआ है। विधायक ने इसके लिए भी नीलम को बधाई दी।
विधायक साधना सिंह ने कहा कि बेटियां खेल जगत में लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। बेटियों को इसी तरह बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे मीरा बाई चानू की तरह चंदौली की खिलाड़ी भी विश्व स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकती हैं। विधायक ने नंद बाक्सिंग एकेडमी को भी खिलाड़ियों के अच्छे प्रशिक्षण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने नीलम को आर्थिक मदद देने के साथ एकेडमी को भी उचित सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विक्की सिंह, बॉक्सर विकास राज, अजित कुमार, श्रीकांत गुप्ता, रोहित यादव, सोनू पाल, नितेश सोनकर रहे।