पीडीडीयू नगर/ दुलहीपुर। चंदासी कोयला मंडी स्थित एक बड़े व्यापारी के कार्यालय में बृहस्पतिवार की शाम को एसआईबी टीम ने छापा मारा। इस दौरान टीम ने लिंकेज कोयले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की ।
फैक्ट्रियों के संचालन के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी दर पर कोयले की आपूर्ति की जाती है। इसे लिंकेज कोयले के नाम से भी जाना जाता है। सस्ती दर पर मिलने वाले कोयले को बड़े व्यापारी मंडी में खपाकर मोटा मुनाफा कमाते हैं। सूत्र बताते हैं कि कई व्यापारी फैक्ट्री और फर्म के नाम पर कोयला मंगवाकर उसे बाजार में खपा देते हैं। इसी तरह से मामलों की पड़ताल के लिए बृहस्पतिवार को तीन गाड़ियों से एसआईबी टीम के अधिकारी कोयला मंडी स्थित एक बड़े व्यापारी के कार्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने लिंकेज के आपूर्ति से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला। पांच घंटे से अधिक समय तक एसआईबी की टीम कार्यालय में रहकर दस्तावेजों की जांच करते रहे। बता दें कि इसके पूर्व सीबीआई की टीम ने झारखंड से निकलने वाले कोयले में हेराफेरी के मामले में मंडी में छापा मारा था। इसमें कुछ व्यापारियों पर मुकदमे भी हुए थे।