सकलडीहा। कस्बा स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये लेकर तहसील जाने के दौरान एक युवक को दो ठगों ने कागज के एक लाख के नकली नोट देकर 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं दोनों ठग पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। पुलिस सीसी फुटेज के आधार पर ठगों की तलाश कर रही है।
क्षेत्र के नईबाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र अंबरीन खातून तहसील में बैनामा संबधित कार्य के लिए पति सोबराती के साथ पहुंची थी। पैसा कम होने पर बेटे आफताब को एटीएम देकर 20 हजार रुपये लेने के लिए भेजीं। आफताब एटीएम से रुपये निकालकर बाहर आ रहा था। तभी दो ठगों ने ने उसे झांसे में लेकर 20 हजार ले लिए। कपड़े से ढंके कागज की गड्डी को एक लाख रुपया बताते हुए थमाकर फरार हो गए। जब आफताब ने कपड़ा हटाया तो रुपयों की जगह कागज की गड्डी देख सन्न रह गया। उसने फौरन पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि युवक को ठगों ने गुमराह कर रुपये उड़ाए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।