मनराजपुर गांव में अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
ज्ञानवापी प्रकरण पर अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नहीं चाहती है कि समाज में शांति रहे। समाज में नौकरी-बेरोजगारी और महंगाई के सवाल पर बात न हो। आगे कहा कि आज सोचिए दुनिया में डॉलर कहां पहुंच गया और रुपया कहां है। देश के सारे संसाधन कुछ लोग खरीदे ले रहे हैं। यूपी में न नौकरी है और न ही रोजगार है।
जनता को खुद आगे आना होगा महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ। आप बताइए कि आटा की क्या कीमत हो गई है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हुई है। बिजली महंगी हो गई है। गंगा की सफाई का हाल ये है कि गंगा में मछलियां डालते ही मर जा रही हैं। इसका मतलब गंगा में ऑक्सीजन नहीं कार्बन डाईऑक्साइड बह रही है। आजम खान के सवाल पर कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ है। वो जब बाहर आएंगे तो हम उनसे मिलेंगे।
ललितपुर थाने में बुलडोजर कब चलेगा
अखिलेश यादव ने कहा कि ललितपुर में एक बेटी के साथ जिस सरकार के पुलिस वालों ने दुष्कर्म किया। बुलडोजर लेकर चलने वाली सरकार ये बताए कि ललितपुर के थाने में बुलडोजर कब चलेगा। फिरोजाबाद में भी पुलिस की दबिश में महिला की जान गई। हो सकता है यहां भी पुलिस बालू के दलालों से मिली हो। हमें पुलिस पर भरोसा नहीं है।
आज जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मिलेंगे सपाध्यक्ष
सपाध्यक्ष अखिलेश यादव चंदौली से वाराणसी पहुंचेंगे। ईवीएम प्रकरण को लेकर जिला जेल में बंद पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
मनराजपुर गांव में अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव में एक मई की दोपहर पुलिस दबिश के दौरान जिला बदर के आरोपी कन्हैया यादव की पुत्री निशा यादव उर्फ गुड़िया की मौत हो गई थी। इसकी मजिस्ट्रेट जांच कराई जा रही है। वहीं घटना के बाद राजनीतिक हलचलें भी तेज हैं। कई पार्टियों के नेता पहले भी निशा के परिजनों से आकर मिल चुके हैं।
एक मई की शाम चंदौली के मनराजपुर में पुलिस जिला बदर के आरोपी कन्हैया यादव के घर दबिश देने पहुंची थी। इस दौरान कन्हैया यादव की बड़ी बेटी निशा की मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने युवती पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस मामले में इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसवालों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ है। गांव के एक हिस्से में अभी भी कर्फ्यू जैसा माहौल है।