अलीनगर थाना के गंजख्वाजा गांव के समीप शनिवार की सुबह नेशनल हाईवे पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंजख्वाजा गांव निवासी रिटायर्ड नलकूप ऑपरेटर शंकर शर्मा (62) शनिवार की सुबह किसी काम से घर से निकले थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो को पार करने लगे। इसी बीच चंदौली की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आने से घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वहां से भागने लगा लेकिन मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। वृद्ध की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।