नियामताबाद। विकासखंड के पांडेयपुर गांव स्थित उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ से संचालित धान क्रय केंद्र पर खरीद न होने से नाराज किसानों ने हो-हल्ला मचाया। सूचना पर पहुंचे डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव के शीघ्र धान की खरीद आरंभ करने का आश्वासन दे कर किसानों को शांत कराया।
पांडेयपुर गांव में यूपीएसएस की ओर से धान क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। बुधवार को जब किसान पहुंचे तो केंद्र प्रभारी मुकुट बिहारी पांडेय ने धान खरीद न करने की बात कही। इसपर किसान नाराज हो गए। किसानों ने इसकी सूचना भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणाप्रताप सिंह को दी। उन्होंने तत्काल डीएम नवनीत सिंह चहल से वार्ता की। डीएम के निर्देश पर डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव पहुंचे। उन्होंने किसानों को धान खरीद का आश्वासन देकर शांत कराया। साथ ही केंद्र प्रभारी को धान क्रय करने का निर्देश दिया। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि पांडेयपुर व बौरी क्रय केंद्र की शिकायत मिली है। 24 घंटे के अंदर अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर रामआसरे मौर्या, रामदिहल बिंद, सोनू सिंह रघुबंशी, मंगल सिंह, करुणापति तिवारी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट- अखिलेश सिंह
संपादन- धनंजय
बाइट- 1149