लेखपालों ने मंगलवार को पदोन्नति समेत विभिन्न मांगों को लेकर बिछियां स्थित धरना-स्थल पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान लेखपालों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ में आहुति डाली। कहा कि जल्द प्रदेश सरकार लेखपालों के छह सूत्रीय मांगों पर विचार करे।
लेखपालों ने कहा कि हम सभी अपनी मांगों के समर्थन में बीते एक पखवारे से आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार ने लेखपालोें की मांगों पर विचार नहीं किया। सरकार लेखपालों संग सौतेला व्यवहार कर रही है। कई बार सरकार को लेखपालों ने अपनी मांगों को पुरजोर ढंग से रखा गया, लेकिन प्रशासन व शासन ने उसे नजरअंदाज किया है। लेखपाल अपनी मांगों को लेकर लखनऊ पहुंचे तो सरकार ने हम सभी पर लाठियां बरसाई। लेखपाल अपने कार्यों को बेहतर व सुगमता से सम्पन्न कराने के लिए लैपटाप मांग रहे हैं। पुरानी पेंशन व्यवस्था की मांग की जा रही है। इस मौके पर राजा राम, वंश नारायण, नथुनी सिंह, राजेश भारती, जयप्रकाश सिंह, जयशंकर द्विवेदी, अनिल पांडेय, लोकेश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता सियाराम व संचालन संजय मौर्य ने किया।