फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: कस्बों से लेकर गांवों तक सजाए जा रहे पूजा पंडाल

विज्ञापन
पड़ाव के सूजाबाद में बाहुबली के थीम पर महिष्मति का साम्राज्य के रूप में तैयार पूजा पंडाल। संवाद
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। जिले में दुर्गा पूजनोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कस्बों से लेकर गांवों तक भव्य पंडाल सजाए जा रहे हैं। इस बार पूजा पंडालों में आस्था के साथ कला, शिल्प और स्थापत्य की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। कहीं बाहुबली फिल्म के माहिष्मती साम्राज्य की भव्यता लोगों को आकर्षित करेगी, तो कहीं दक्षिणेश्वर काली मंदिर की स्थापत्य शैली श्रद्धालुओं को कोलकाता की याद दिलाएगी। अयोध्या के श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम, महाकाल मंदिर, वैष्णो देवी गुफा और तिरुपति बालाजी धाम की प्रतिकृतियां भी पंडालों की शोभा बढ़ाएंगी।
विज्ञापन

जिले में इस बार 280 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। पीडीडीयू नगर, चंदौली, सकलडीहा, चकिया, नौगढ़, इलिया, शहाबगंज, बबुरी, सैयदराजा, धीना, कमालपुर, धानापुर, चहनियां, पड़ाव, दुलहीपुर और नियामताबाद समेत विभिन्न कस्बों व ग्रामीण इलाकों में पूजा समितियां तैयारियों में जुटी हैं। समितियों के बीच पंडाल को आकर्षक और अलग स्वरूप देने की होड़ है।
पंडालों के निर्माण में पश्चिम बंगाल, बिहार और अन्य राज्यों से आए कारीगर जुटे हैं। बांस, बल्ली, कपड़े, लकड़ी और थर्माकोल का इस्तेमाल कर ढांचे तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद रंग-रोगन, सजावट, रोशनी और कलात्मक आकृतियों के जरिये अंतिम रूप दिया जाएगा। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
विज्ञापन


इनसेट-

सुजाबाद में बन रहा 45 फीट ऊंचा माहिष्मती द्वार
पड़ाव क्षेत्र के सुजाबाद पुलिस चौकी के सामने दुर्गा पूजा पंडाल में बाहुबली फिल्म के माहिष्मती साम्राज्य की भव्यता देखने को मिलेगी। सागर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से करीब 45 फीट ऊंचा प्रवेश द्वार तैयार कराया जा रहा है। इसकी रूपरेखा फिल्म में दिखाए गए भव्य महल और साम्राज्य की स्थापत्य शैली से प्रेरित है। इस आयोजन की खास बात मां दुर्गा की प्रतिमा भी है। क्लब के सदस्य बाजार से प्रतिमा खरीदने के बजाय स्वयं इसे तैयार करते हैं।

रमौली में कोलकाता के काली मंदिर की तर्ज पर बन रहा पंडाल
चहनियां क्षेत्र के रमौली गांव में कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया जा रहा है। करीब 45 फीट ऊंचे पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है। पूजा समिति के अध्यक्ष इलियास अहमद ने बताया कि रमौली में पिछले 50 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस बार दक्षिणेश्वर काली मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार कराने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ प्रसिद्ध मंदिर की स्थापत्य कला की झलक दिखाना है। निर्माण कार्य और सजावट का काम अंतिम चरण में है।

58 वर्षों से बिना चंदा बंगाली परंपरा से हो रही मां दुर्गा की पूजा
पीडीडीयू नगर के नई सट्टी मोहल्ले में मां दुर्गा की आराधना पारिवारिक आस्था और समर्पण की मिसाल पेश करती है। न्यू महाल निवासी पूर्व रेलकर्मी अजय कुमार चौधरी के परिवार में पिछले 58 वर्षों से बंगाली परंपरा के अनुसार दुर्गा पूजा की जा रही है। खास बात यह है कि पूजा के लिए किसी से चंदा नहीं लिया जाता। परिवार के 26 सदस्य आयोजन का पूरा खर्च उठाते हैं। अजय कुमार चौधरी ने बताया कि उनके दादा वर्धा चरण चौधरी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चंदननगर में मां दुर्गा की पूजा करते थे। वर्ष 1965 में उनके निधन के बाद दो साल तक पूजा बंद थी। इसके बाद उनके बेटे अमरनाथ चौधरी, जो मुगलसराय में रेलकर्मी थे, ने वर्ष 1968 में दोबारा पूजा शुरू की। इसके बाद से परंपरा जारी है। यहां पूजा में बंगाली परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। अष्टमी और नवमी को पुष्पांजलि होती है। मां दुर्गा को मूंग दाल की खिचड़ी सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया जाता है। प्रतिमा विसर्जन से पहले सिंदूर खेला की रस्म निभाई जाती है।

अयोध्या के श्रीराम मंदिर से केदारनाथ धाम तक की झलक
पूजा पंडालों में इस बार देश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की झलक देखने को मिलेगी। अयोध्या के श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम, महाकाल मंदिर, वैष्णो देवी गुफा और तिरुपति बालाजी की तर्ज पर पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इन पंडालों श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की स्थापत्य शैली देखने को मिलेगी। पंडालों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी रोशनी, कलात्मक आकृतियों और आकर्षक प्रवेश द्वारों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पड़ाव के सूजाबाद में बाहुबली के थीम पर महिष्मति का साम्राज्य के रूप में तैयार पूजा पंडाल। संवाद

पड़ाव के सूजाबाद में बाहुबली के थीम पर महिष्मति का साम्राज्य के रूप में तैयार पूजा पंडाल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें